नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 10 अक्टूबर को दिल्ली में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा है कि अगर ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो देशभर से समर्थक दिल्ली के जंतर-मंतर की ओर कूच करेंगे।

CJP की यह घोषणा 2 अक्टूबर को मुंबई के शिवाजी पार्क में हुए प्रदर्शन के बाद सामने आई है। पार्टी ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों, विशेष रूप से Special Intensive Revision (SIR) को लेकर सवाल उठाए हैं और इसी संदर्भ में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रही है।

अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि 10 अक्टूबर को देशभर से लोग दिल्ली पहुंचेंगे और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे। CJP ने अपने प्रस्तावित आंदोलन को शांतिपूर्ण बताया है और महात्मा गांधी के बताए मार्ग पर चलने की बात कही है।

पार्टी की ओर से यह भी कहा गया है कि यदि प्रदर्शनकारियों को दिल्ली पहुंचने के दौरान पुलिस या सुरक्षाबलों की ओर से कहीं रोका जाता है, तो उसी स्थान पर विरोध जारी रखा जाएगा। CJP ने ऐसे स्थान को प्रतीकात्मक रूप से ‘जंतर-मंतर’ बनाने की बात कही है।

इस बीच, निर्वाचन आयोग ने SIR और मतदाता सूची से जुड़े आरोपों पर अपनी प्रक्रियाओं का बचाव किया है। हाल की रिपोर्टों के अनुसार, आयोग ने मतदाता सूची से जुड़े सॉफ्टवेयर की समीक्षा के लिए एक समिति बनाने की घोषणा भी की है।