सिल्ली में रानीहारा डैम टूटा, सैकड़ों किसानों की फसलें बर्बाद, कई घरों में घुसा पानी
सिल्ली : गोंडाडीह पंचायत के खैरबेड़ा गांव के
समीप रानीहारा डैम टूटने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। डैम का
पानी तेजी से आसपास के क्षेत्रों में फैलने से सैकड़ों किसानों के खेतों में लगी
फसलें प्रभावित हुई हैं। वहीं कई घरों में भी पानी घुस गया है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का
सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि
पिछले दिनों हुई बारिश के बाद रानीहारा डैम पानी से पूरी तरह लबालब भर गया था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, डैम
के टूटने की आशंका पहले से बनी हुई थी। अब डैम टूटने के बाद बड़ी मात्रा में पानी
तेज बहाव के साथ आसपास के गांवों की ओर पहुंच गया। डैम टूटने का असर खैरबेड़ा के अलावा बाबनी, सातपालू, गोंडाडीह और
रेगड़ीआम समेत कई गांवों के टोले में देखने को मिल रहा है। पानी के तेज
बहाव से खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। कई घरों में
पानी घुसने से घरेलू सामान और अन्य चीजों के नुकसान की भी आशंका है। वहीं, रानीहारा डैम में पाली जा रही हजारों रुपये की मछलियां भी पानी के तेज बहाव में बह गईं। इससे
मछली पालन करने वाले लोगों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। खैरबेड़ा निवासी मुरली घटवार के अनुसार, डैम टूटने से ग्रामीणों और किसानों को
काफी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते डैम की स्थिति पर ध्यान
दिया जाता तो नुकसान को कम किया जा सकता था। फिलहाल प्रभावित
ग्रामीण प्रशासन से नुकसान का आकलन
कराने, किसानों को उचित
मुआवजा देने और रानीहारा डैम की जल्द मरम्मत कराने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों ने
प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक राहत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी
मांग की है।














