गिरिडीह : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हुंडी रोड भोरडीहा निवासी 28 वर्षीय शुभम कुमार साव का शव करीब एक सप्ताह बाद वाटरफॉल के समीप पत्थरों के बीच बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया गया कि शुभम 27 सितंबर को घर से काम करने के लिए निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा था। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था।

परिजनों के अनुसार, शुभम कुमार साव 27 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे घर से खाना खाने के बाद मोटरसाइकिल से गादी जिरामपुर स्थित श्री कृष्णा इंटरप्राइजेज में काम करने के लिए निकला था। काम समाप्त होने के बाद वह घर वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

शुभम के पिता किशोर प्रसाद गुप्ता ने मुफ्फसिल थाना में लिखित आवेदन देकर बेटे के लापता होने की सूचना दी थी। आवेदन में बताया गया था कि शुभम घर से निकलते समय होंडा साइन मोटरसाइकिल संख्या JH-10BT-6800 लेकर गया था। उसकी लंबाई करीब पांच फीट दो इंच बताई गई थी। घर से निकलते समय उसने ब्राउन रंग की टी-शर्ट, जींस और जूते पहन रखे थे।

परिजनों ने बताया कि युवक के अचानक लापता होने के बाद परिवार लगातार उसकी तलाश में जुटा था। करीब एक सप्ताह बाद वाटरफॉल के समीप पत्थरों के बीच शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

शव बरामद होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।