चारही L&T वेयरहाउस चोरीकांड का खुलासा, रामगढ़ के दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल-लैपटॉप और भारी मात्रा में तार बरामद
पुलिस के मुताबिक, चारही थाना कांड संख्या 59/26 और पेलावल थाना कांड संख्या 105/26 दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर विष्णुगढ़ एसडीपीओ के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया था। टीम ने मानव सूचना तंत्र और तकनीकी जांच के आधार पर मामले की पड़ताल शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने रामगढ़ निवासी मोहम्मद जमाल और मोहम्मद नासिर को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी का सामान हजारीबाग सदर चौक क्षेत्र में एक कबाड़ी को बेचा जाता था। इस जानकारी के आधार पर चोरी के सामान के नेटवर्क और अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच कीपैड मोबाइल, एस्सेल कंपनी का एक लैपटॉप और भारी मात्रा में तार बरामद किया है। बरामद सामान को दोनों चोरी के मामलों से जोड़कर आगे की जांच की जा रही है। छापेमारी अभियान में विष्णुगढ़ एसडीपीओ, चारही थाना प्रभारी अजीत कुमार, पेलावल थाना प्रभारी बिट्टू रजक समेत पुलिस के कई अधिकारी और जवान शामिल थे।हजारीबाग: चारही थाना क्षेत्र के L&T वेयरहाउस और पेलावल में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई करते हुए रामगढ़ जिले के दो कथित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और भारी मात्रा में तार बरामद किए गए हैं।














