गुमला: गुमला जिले के सुरसांग थाना क्षेत्र के कोडरा चटकपुर गांव के पास ग्रामीणों ने मवेशी लदे एक पिकअप वाहन को पकड़ लिया। वाहन का नंबर JH07 M-3169 बताया गया है। पिकअप में कुल 14 मवेशी लदे थे, जिनमें से एक मृत पाया गया।

सड़क जाम होने के बाद खेत में उतारा वाहन

ग्रामीणों के अनुसार, सड़क पर एक पेड़ गिर जाने के कारण रास्ता जाम था। इसी दौरान मवेशी लदा पिकअप चालक सड़क छोड़कर वाहन को बगल के खेत में उतारकर आगे निकलने की कोशिश करने लगा। खेत में पिकअप फंस जाने के बाद ग्रामीणों को शक हुआ।

बताया गया कि वाहन में सवार दो लोग पिकअप छोड़कर भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया और इसकी सूचना सुरसांग थाना पुलिस को दी।

पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

सूचना मिलने के बाद सुरसांग थाना पुलिस कोडरा चटकपुर गांव पहुंची। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान साजिद खान और मुख्तार अंसारी, दोनों बरगीटांड, थाना रायडीह निवासी के रूप में बताई गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

13 मवेशियों को ग्रामीणों की जिम्मेदारी में सौंपा

पुलिस के पहुंचने के बाद बरामद मवेशियों को ग्रामीणों के बीच जिम्मेनामा के आधार पर सौंप दिया गया। वहीं, मृत मवेशी को ग्रामीणों की ओर से दफना दिया गया।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था। मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।