जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं की प्रगति, पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन और विभागों के बीच समन्वय की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी विकास योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को दूर करने पर जोर दिया।

रानीडीह स्टेडियम का काम एक सप्ताह में शुरू कराने का निर्देश

बैठक में रानीडीह स्टेडियम निर्माण की समीक्षा की गई। सभी बाधाएं दूर होने के बाद उपायुक्त ने विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को अंचल अधिकारी से समन्वय स्थापित कर एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया। खाद्यान्न गोदाम निर्माण में भी तेजी लाने को कहा गया।

PVTG गांवों को मॉडल गांव के रूप में विकसित करने पर जोर

कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान पीवीटीजी ग्रामोत्थान योजना के तहत पीवीटीजी बहुल गांवों का सर्वे कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने इन गांवों की जरूरतों के आधार पर विशेष योजनाएं तैयार करने को कहा, ताकि मूलभूत सुविधाओं को मजबूत कर उन्हें मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जा सके।

इसके साथ ही जिले में निर्मित मल्टीपरपज भवनों को क्रियाशील बनाने का भी निर्देश दिया गया।

आयुष्मान कार्ड के लिए PDS दुकानों पर कैंप

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने के लिए पीडीएस दुकानों के स्तर पर कैंप आयोजित करने का निर्देश दिया गया। सदर अस्पताल में साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं के बेहतर संचालन को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

क्षतिग्रस्त बजराघाट पुल पर वाहनों की आवाजाही बंद

बैठक में NH-419 स्थित क्षतिग्रस्त बजराघाट पुल की सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने पुल पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही तत्काल रोकने को कहा।

सुरक्षा के मद्देनजर नाव के जरिए लोगों और दोपहिया वाहनों के आवागमन पर भी रोक लगाने तथा इस संबंध में लोगों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया गया।

अनधिकृत स्पीड ब्रेकर और नंगे बिजली तार हटाने का निर्देश

उपायुक्त ने सड़कों पर बिजली के अनुपयोगी पोल से बनाए गए अनधिकृत स्पीड ब्रेकर हटाने को कहा। इसके अलावा विद्यालयों से नंगे बिजली के तार हटाने और जलजमाव एवं पेयजल से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में डीडीसी असीम किस्पोट्टा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, बीडीओ और सीओ मौजूद रहे।