नई दिल्ली: फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट में भीषण एयर टर्बुलेंस के कारण कई यात्री घायल हो गए। टर्बुलेंस इतना तेज था कि सीट बेल्ट नहीं लगाए कई यात्री अपनी सीटों से उछल गए। घटना के बाद घायल यात्रियों को दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में फ्लाइट के अंदर अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। अचानक आए तेज झटकों से कई यात्रियों को सिर, कंधे और कान में गंभीर चोटें आईं।
यात्री ने सुनाई आपबीती
एक घायल यात्री ने बताया कि फ्लाइट को उड़ान भरे करीब डेढ़ घंटा हो चुका था और अधिकांश यात्री सो रहे थे। तभी अचानक विमान तेज झटकों के साथ हिलने लगा।
यात्री के मुताबिक, "फ्लाइट करीब 2 से 3 मिनट तक लगातार हिलती रही। कई लोग सीट से उछल गए। किसी का सिर फट गया, किसी के कान में गंभीर चोट आई और कई लोगों के कंधे में चोट लगी।"
उन्होंने दावा किया कि फ्लाइट में 100 से अधिक यात्री सवार थे और बड़ी संख्या में लोग किसी न किसी तरह घायल हुए।
घायलों का फोर्टिस अस्पताल में इलाज
घटना के बाद घायल यात्रियों को वसंत कुंज स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल की ओर से जारी बयान के अनुसार, शुरुआती चरण में सात घायल यात्रियों को इमरजेंसी विभाग में भर्ती किया गया। सभी मरीजों की तुरंत जांच कर उपचार शुरू किया गया। अस्पताल ने बेहतर समन्वय और संसाधनों के प्रबंधन के लिए 'कोड येलो' भी लागू किया है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार मरीजों की आवश्यक रेडियोलॉजिकल जांच कराई जा रही है और उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। एयर इंडिया की विशेष समन्वय टीम भी अस्पताल में मौजूद है, जो यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता कर रही है।
घटना की जांच पर नजर
फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है। एयर टर्बुलेंस की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं पर संबंधित एजेंसियां नजर बनाए हुए हैं। यात्रियों के बयान भी सामने आ रहे हैं और मामले को लेकर आगे की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।














