गुमला: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को सिसई प्रखंड में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत बनाते हुए प्रखंड स्तरीय पुनर्गठन करना तथा पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने की रणनीति तैयार करना रहा।

संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान पर चर्चा

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल अध्यक्ष कृष्णा चीक बड़ाईक उपस्थित रहे। वहीं जिला अध्यक्ष अनूप फ्रांसिस कुजूर सहित जिला कमेटी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

बैठक में संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधारा तथा विधायक जयराम कुमार महतो के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

JPSC-JSSC परीक्षाओं के मुद्दे पर भी हुई चर्चा

बैठक के दौरान JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं तथा छात्र-युवाओं के आंदोलन पर भी चर्चा हुई।

वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं और सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि यदि छात्रों की जायज मांगों की अनदेखी होती है तो JLKM छात्र हित में व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन करेगा।

'जनता को अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा'

मुख्य अतिथि कृष्णा चीक बड़ाईक ने कहा कि पिछले 26 वर्षों में झारखंड में बनी विभिन्न सरकारें राज्य के युवाओं और जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरी नहीं उतर सकीं।

उन्होंने कहा कि अब जनता जागरूक हो रही है और पार्टी गांव-गांव जाकर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेगी।

तीनों विधानसभा सीटों पर मजबूत जनप्रतिनिधित्व का लक्ष्य

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गुमला जिले की तीनों विधानसभा सीटों से ऐसे जनप्रतिनिधियों को चुनकर सदन भेजने का लक्ष्य है, जो झारखंडी जनता, विशेषकर आदिवासी समाज और युवाओं के हक, अधिकार तथा सम्मान की मजबूती से आवाज उठाएं।

बैठक का समापन संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने तथा जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष जारी रखने के संकल्प के साथ हुआ।