रामगढ़: भुरकुंडा थाना मैदान में आयोजित श्रावणी मेला का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि पतरातु प्रमुख कौशल्या देवी, उप प्रमुख बबीता पांडेय तथा जवाहर नगर मुखिया प्रदीप मांझी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
'श्रावणी मेला सामाजिक सौहार्द और रोजगार का माध्यम'
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि श्रावणी मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि आपसी मेलजोल, सामाजिक सौहार्द और स्थानीय दुकानदारों के लिए रोजगार का महत्वपूर्ण अवसर भी है।
उन्होंने कहा कि हर वर्ष श्रावण माह में इस मेले का आयोजन इस उद्देश्य से किया जाता है कि कोयलांचल एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोग परिवार के साथ मेले का आनंद उठा सकें। साथ ही रक्षाबंधन के अवसर पर खरीदारी और मनोरंजन के लिए भी यह मेला लोगों का प्रमुख आकर्षण बनता है।
नए झूलों और आकर्षणों से सजा मेला
श्रावणी मेले में इस वर्ष बच्चों और युवाओं के लिए कई नए आकर्षण शामिल किए गए हैं। मेले में तारा माची, ब्रेक डांस, नौका झूला, वाटर बोट, जलपरी, डबल डिस्क सहित कई आधुनिक झूले लगाए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न प्रकार की दुकानों और प्रतिष्ठानों ने भी मेले की रौनक बढ़ा दी है।
आयोजकों का कहना है कि इस बार मेले में मनोरंजन के साथ-साथ खरीदारी की भी बेहतर व्यवस्था की गई है, जिससे सभी आयु वर्ग के लोग इसका आनंद उठा सकें।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रावणी मेला समिति के अध्यक्ष आजाद भुइंया ने की, जबकि संचालन सचिव रोबिन मुखर्जी ने किया।
इस अवसर पर रंजीत बेसरा (केंद्रीय कोषाध्यक्ष, रैयत विस्थापित मोर्चा), सीताराम बेदिया, पंचायत समिति सदस्य दीपक भुइंया, उप मुखिया संजीत राम, पूर्व भारतीय सेना के जवान अमित शाहू, राजन करमाली, किशून नायक, जग्गू घांसी, राजू पांडेय, मुकेश राउत, मंसूर खान, सागर कुमार, राजेश सोनी, बब्लू ठाकुर, संतोष सोनी, रोशन पासवान, विक्रम पुनेंदु, चंदन साव, विजय गोस्वामी, रोहित सोनी, अशोक राय, जितेंद्र वर्मा, अरविंद तिवारी, राजेंद्र, सुनील उर्फ सिक्कू सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।














