गुमला: रायडीह थाना क्षेत्र के नवागढ़ डुमरटोली के समीप बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में यात्रियों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। ऑटो में सवार कई यात्री वाहन के नीचे दब गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

स्थानीय लोगों ने चलाया राहत अभियान

जानकारी के अनुसार ऑटो बरगीडाड़ से गुमला की ओर जा रहा था। नवागढ़ डुमरटोली के पास अचानक चालक का संतुलन बिगड़ने से ऑटो सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने ऑटो के नीचे दबे घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायडीह पहुंचाया।

गंभीर घायलों को किया गया रेफर

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायडीह में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया।

108 एंबुलेंस की देरी पर नाराजगी

ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी गई, लेकिन काफी देर तक कोई एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद मजबूर होकर स्थानीय लोगों ने निजी वाहनों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

परिजनों का कहना है कि रायडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सदर अस्पताल रेफर किए जाने के बाद भी 108 एंबुलेंस को दोबारा सूचना दी गई, लेकिन करीब डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। घायलों की बिगड़ती हालत को देखते हुए उन्हें निजी वाहन से सदर अस्पताल गुमला ले जाया गया।

ग्रामीणों ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए समय पर एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की है।