राजमहल: तालझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) में हुई 2.45 लाख रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी की रकम से नई पल्सर बाइक खरीदी थी।

मामले को लेकर राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) विमलेश कुमार त्रिपाठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इस दौरान पुलिस इंस्पेक्टर (राजमहल प्रभाग) राजीव रंजन सहित तालझारी थाना के पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

29/30 सितंबर की रात हुई थी चोरी

पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 29/30 सितंबर 2026 की रात तालझारी थाना क्षेत्र के बड़ी भगियामारी गांव निवासी अभिषेक आनंद के CSP केंद्र को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया था। चोर CSP से 2,45,000 रुपये लेकर फरार हो गए थे।

घटना के संबंध में पीड़ित की शिकायत पर तालझारी थाना में कांड संख्या 165/26 दर्ज किया गया था। पुलिस ने BNS-2023 की धारा 331(1)/303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर मामले में शामिल दो आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, चोरी की रकम का इस्तेमाल आरोपियों ने नई पल्सर बाइक खरीदने में किया था।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

चोरी के मामले के सफल उद्भेदन में राजमहल प्रभाग के पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन, तालझारी थाना के संजीत कुमार मिश्रा, मनीष रंजन, चिन्टु कुमार और बबन राम के अलावा सशस्त्र बल के जवान आरक्षी राजा राम सिंह, सुरेन्द्र कुमार सेन, राज कुमार यादव और अरविन्द कुमार सिंह शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।