रानेश्वर में अवैध शराब से लदा पिकअप जब्त, 750 लीटर से अधिक शराब के साथ दो गिरफ्तार
रानेश्वर दुमका आगामी दुर्गापूजा 2026 को लेकर दुमका पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रानेश्वर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9 बजे सूचना मिली थी कि बंगाल से अवैध शराब एक महिंद्रा पिकअप वाहन में लादकर रानेश्वर थाना क्षेत्र के रास्ते बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के बाद पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), दुमका के दिशा-निर्देश में छापामारी दल का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने महेषबथान स्थित दुमका-सिउड़ी मुख्य सड़क और रानेश्वर ब्लॉक गेट के सामने रघुनाथपुर-आसनबनी मुख्य सड़क पर वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान रात करीब 10 बजे रानेश्वर ब्लॉक गेट के सामने एक पिकअप वाहन को जांच के लिए रोका गया। पुलिस के मुताबिक, वाहन चालक ने जांच के दौरान बताया कि पिकअप में कपड़ा लदा हुआ है। पुलिस टीम ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें 18 बोरियों में Officers Choice और Royal Stag ब्रांड की शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब से लदे पिकअप वाहन को जब्त कर उसमें सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन कुमार (23 वर्ष), पिता कैलाश साह, निवासी गुनाकोल, थाना एवं जिला बांका (बिहार) और पाण्डव कुमार (20 वर्ष), पिता मैनेजर साह, निवासी गुनाकोल, थाना बांका, जिला बांका (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बरामद शराब में 9 बोरियों से Officers Choice की 180 एमएल वाली कुल 2,592 बोतलें मिलीं। इनकी कुल मात्रा 466.56 लीटर बताई गई है। वहीं, अन्य 9 बोरियों से Royal Stag की 750 एमएल वाली कुल 378 बोतलें बरामद हुईं, जिसकी कुल मात्रा 283.5 लीटर है। इस तरह पुलिस ने कुल 750.06 लीटर शराब बरामद की है। शराब के कार्टनों पर “For Sale in West Bengal Only” अंकित पाया गया। पुलिस ने शराब के साथ महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन संख्या BR 10GC-8458 भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, शराब को बंगाल से लाकर रानेश्वर के रास्ते बिहार ले जाया जा रहा था। मामले में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि इस नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई और छापामारी की जाएगी। इस संबंध में रानेश्वर थाना कांड संख्या 28/26, दिनांक 06.10.2026 के तहत धारा 274/275/3(5) बीएनएस एवं 47(ए) एक्साइज एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापामारी दल में रानेश्वर थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक त्रिपुरारी कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुरेश कुमार, सरोज प्रसाद मेहता, मुनेश्वर लेयंगी, विशाल खलखो सहित रानेश्वर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। दुर्गापूजा के मद्देनजर पुलिस की ओर से अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही गई है।कपड़ा लदे होने की बात कही, तलाशी में मिली शराब
750.06 लीटर शराब बरामद
बिहार ले जाने की आशंका, अन्य लोगों की तलाश
पुलिस टीम ने चलाया अभियान














