जामताड़ा: दुर्गापूजा 2026 के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने को लेकर मंगलवार को उपायुक्त जामताड़ा की अध्यक्षता में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्था समेत विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान कुल 19 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मंथन हुआ।

बैठक में सभी थाना स्तर पर गठित शांति समितियों की बैठकों की कार्यवाही की समीक्षा की गई। साथ ही दुर्गापूजा के दौरान पूर्व में की गई निरोधात्मक कार्रवाई और सांप्रदायिक मामलों में दर्ज कांडों के निष्पादन की अद्यतन स्थिति पर भी चर्चा हुई। प्रशासनिक सतर्कता बढ़ाने के साथ निगरानी और आसूचना तंत्र को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों के पालन पर जोर

पूजा पंडालों के निर्माण में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। लाइसेंसी और गैर-लाइसेंसी पूजा समितियों के साथ बैठक करने, पंडालों में अग्निशमन उपकरण, सीसीटीवी कैमरे, प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

मूर्ति विसर्जन की तिथि और जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन करने के साथ संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक सुरक्षात्मक कार्रवाई की समीक्षा की गई।

जुलूस, यातायात और सोशल मीडिया पर रहेगी नजर

जुलूस मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाने, पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति तथा यातायात प्रबंधन को लेकर भी चर्चा की गई। सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं की निगरानी के लिए मॉनिटरिंग व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया गया।

अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ छापेमारी तेज करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा डीजे और अन्य साउंड सिस्टम के इस्तेमाल के दौरान उत्तेजक गीतों के प्रसारण को लेकर निर्धारित नीति एवं नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

चिकित्सा, ड्रोन और नियंत्रण कक्ष की होगी व्यवस्था

मूर्ति विसर्जन और जुलूस के दौरान पर्याप्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, ट्रैफिक कंट्रोल, एनडीआरएफ के साथ समन्वय, वीडियोग्राफी और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था पर विचार-विमर्श किया गया।

धार्मिक स्थलों के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने, खाद्य पदार्थों एवं मिठाइयों की गुणवत्ता की जांच, संयुक्त नियंत्रण कक्ष स्थापित करने तथा पेयजल, स्वच्छता, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने दुर्गापूजा के दौरान सभी संबंधित विभागों और पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।