स्वर्णरेखा नदी का रौद्र रूप! चुटिया-नामकुम पुल के नीचे महज 1 फीट जगह, बढ़ी चिंता
रांची: सोमवार रात से लगातार हो रही तेज बारिश के बाद राजधानी रांची की नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। लगातार बारिश का असर स्वर्णरेखा नदी पर भी साफ दिखाई दे रहा है। नदी इस समय उफान पर है और पानी पुल के बेहद करीब पहुंच गया है। चुटिया-नामकुम के बीच स्थित पुल के नीचे अब महज एक फीट के आसपास जगह बची होने की बात सामने आ रही है। नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव ने जर्जर पुल को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अगर बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा और नदी का जलस्तर और ऊपर गया, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस साल पहली बार स्वर्णरेखा नदी में इतने बड़े पैमाने पर पानी का बहाव देखने को मिल रहा है। सोमवार रात से लगातार हुई बारिश के बाद नदी का पानी तेजी से बढ़ा और देखते ही देखते नदी उफान पर पहुंच गई। नदी का तेज बहाव और पुल के नीचे लगातार कम होता फासला लोगों की चिंता बढ़ा रहा है। जर्जर पुल के कारण संभावित खतरे को लेकर स्थानीय लोगों में भी डर का माहौल है। राजधानी रांची में रात से लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति भी बन रही है। निचले इलाकों में पानी जमा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, स्वर्णरेखा नदी का बढ़ता जलस्तर और चुटिया-नामकुम पुल के नीचे तेजी से कम होती जगह प्रशासन के लिए भी चिंता का विषय बन गई है। आने वाले घंटों में बारिश जारी रहने पर नदी के जलस्तर पर सभी की नजर बनी हुई है।इस साल पहली बार दिखा स्वर्णरेखा का ऐसा उफान
लगातार बारिश से कई इलाकों में जलजमाव














