हजारीबाग। झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, कला, संगीत, लोक नृत्य और पारंपरिक विरासत को राष्ट्रीय मंच देने के उद्देश्य से मंगलवार को नई दिल्ली के मंडी हाउस स्थित एलटीजी ऑडिटोरियम में झारखंड महोत्सव-02 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड की मिट्टी की खुशबू और लोक परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिली।

महोत्सव में झारखंड के विभिन्न लोक नृत्य, संगीत और पारंपरिक कलाओं की शानदार प्रस्तुतियां कलाकारों ने पेश कीं। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के जरिए राज्य की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक जीवन की जीवंत तस्वीर पेश की। आयोजन स्थल पर झारखंड की कला एवं सांस्कृतिक विरासत को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

सांसद मनीष जायसवाल ने बढ़ाया कलाकारों का उत्साह

कार्यक्रम में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने झारखंड की लोक संस्कृति, कला और परंपराओं को दिल्ली जैसे राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किए जाने की सराहना की और आयोजन से जुड़े लोगों का उत्साहवर्धन किया।

सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि इस तरह के आयोजन झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को देशभर में पहुंचाने के साथ-साथ राज्य की लोक कला और परंपराओं को नई पीढ़ी से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने झारखंड की संस्कृति को देश की विविधतापूर्ण सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए आयोजकों को इस पहल के लिए शुभकामनाएं दीं।

दिल्ली में रह रहे झारखंडवासियों को संस्कृति से जोड़ने की पहल

मनीष जायसवाल ने कहा कि झारखंड एसोसिएशन दिल्ली और ओमेगा ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य झारखंड की लोक संस्कृति और कलात्मक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। साथ ही दिल्ली में रहने वाले झारखंडवासियों को अपनी मिट्टी, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना भी इस आयोजन का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

महोत्सव के दौरान झारखंड के पारंपरिक लोक नृत्य और संगीत ने दर्शकों का खासा ध्यान आकर्षित किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य की विविध लोक परंपराओं को राष्ट्रीय राजधानी में जीवंत रूप से प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए झारखंड एसोसिएशन दिल्ली के सत्य प्रकाश और ओमेगा ग्रुप के संस्थापक शादाब अंसारी ने सांसद मनीष जायसवाल का आभार व्यक्त किया।