जामताड़ा प्रधानी जमीन के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत जामताड़ा डीसी ने दिया जांच का निर्देश
जामताड़ा 18 अगस्त 2026: आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान को
लेकर मंगलवार को जामताड़ा समाहरणालय में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में
जनता दरबार आयोजित किया गया। जनता दरबार में करीब 20 से 25 लोगों ने विभिन्न समस्याओं और शिकायतों
से संबंधित आवेदन सौंपे। उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित
अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया। जनता
दरबार में नारायणपुर प्रखंड से पहुंचे ग्रामीणों ने शिकायत की कि प्रधानी जमीन के नाम पर एक व्यक्ति
द्वारा जबरन राशि की वसूली की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि राशि लेने के
बाद उन्हें रसीद भी नहीं दी जाती है।मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने
संबंधित अंचल अधिकारी को पूरे मामले की जांच कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा
कि शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की
जाए। फतेहपुर
प्रखंड के बानरनाचा से पहुंचे जल छाजन समिति के सदस्यों ने एक एनजीओ पर भुगतान में
वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया। उपायुक्त ने मामले की जांच के लिए आवेदन उप
विकास आयुक्त को भेजते हुए जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जनता
दरबार में एक महिला ने शादी के बाद भी मायके के राशन कार्ड से नाम नहीं हटाए जाने
की शिकायत की। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश
दिया।इसके अलावा गोचर भूमि पर
अतिक्रमण, आंगनवाड़ी
चयन, डिजिटल
जन्म प्रमाण पत्र, बैंक खाते में बदलाव, स्थानांतरण और एसडीओ कोर्ट से जुड़े
मामलों को लेकर भी लोगों ने आवेदन दिए। कुछ मामलों का मौके पर ही
समाधान किया गया।उपायुक्त आलोक कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी
शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान
के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।जामताड़ा में जनता
दरबार प्रत्येक मंगलवार सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित किया जाता है।प्रधानी जमीन के नाम पर वसूली की शिकायत
NGO पर वित्तीय अनियमितता का आरोप
राशन कार्ड समेत कई मामले पहुंचे














