रांची 18 अगस्त 2026: रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले 25 दिनों से चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर AIDSO झारखंड राज्य कमेटी ने इसे ऐतिहासिक जीत बताया है। मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में AIDSO झारखंड के राज्य सचिव सोहन महतो ने आंदोलन में शामिल छात्रों को बधाई दी।

सोहन महतो ने कहा कि छात्रों के लगातार संघर्ष का परिणाम है कि 14वीं JPSC PT, JSSC CGL और TDPL कंपनी द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने इसे झारखंड के छात्र आंदोलन के इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

AIDSO ने दावा किया कि झारखंड स्थापना के बाद से JPSC, JSSC CGL समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप सामने आते रहे हैं। संगठन के अनुसार, इन्हीं मुद्दों को लेकर छात्रों में व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग मजबूत हुई है।

आंदोलन को मजबूत करने में AIDSO की भूमिका का दावा

AIDSO राज्य सचिव ने कहा कि आंदोलन के शुरुआती दौर से ही संगठन के कार्यकर्ताओं ने छात्रों को एकजुट करने और पूरे राज्य में आंदोलन के समर्थन में प्रचार-प्रसार करने का काम किया। उन्होंने कहा कि छात्र-युवा अब केवल सरकार बदलने के बजाय शिक्षा और भर्ती व्यवस्था में व्यापक बदलाव की जरूरत को समझ रहे हैं।

शिक्षा के मुद्दों पर आगे भी आंदोलन की अपील

AIDSO ने छात्र-युवाओं से शिक्षकों की कमी, शैक्षणिक सत्र में अनियमितता, फीस वृद्धि, शिक्षा के निजीकरण और व्यावसायीकरण तथा नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 समेत विभिन्न मुद्दों के खिलाफ आंदोलन को मजबूत करने की अपील की।

संगठन ने कहा कि सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था को बचाने की मांग को लेकर छात्रों और युवाओं को संगठित होकर आगे आने की जरूरत है।