चंदनकियारी: SIR 2026 के तहत अनमैप्ड एवं एनॉमलीज मामलों की चल रही सुनवाई का बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने जायजा लिया। उपायुक्त ने चंदनकियारी प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर सुनवाई की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि मतदाताओं के दस्तावेजों में किसी प्रकार की कमी, त्रुटि या विसंगति सामने आने पर संबंधित कर्मियों को उसके निराकरण की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि SIR के दौरान मुख्य फोकस मतदाता के दस्तावेजों की जांच और वास्तविक विवरण के सत्यापन पर होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 की प्रविष्टि में किसी मतदाता की आयु या नाम में त्रुटि पाए जाने की स्थिति में वर्तमान दस्तावेजों और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर संबंधित मतदाता की वास्तविक आयु एवं विवरण का सत्यापन किया जाए।

इसी तरह विवाह के बाद महिलाओं के नाम या उपनाम में हुए बदलाव जैसी सामान्य त्रुटियों का भी नियमानुसार समाधान करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने परिवार में अधिक संतान होने अथवा माता-पिता और संतानों के विवरण से जुड़े मामलों में भी उपलब्ध दस्तावेजों का उचित मिलान करते हुए नियमानुसार सत्यापन करने को कहा।

उपायुक्त अजय नाथ झा ने निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले में संबंधित मतदाता के दस्तावेजों की सत्यता, वर्तमान स्थिति और वास्तविक विवरण की जांच को प्राथमिकता दी जाए। इसका उद्देश्य पात्र मतदाताओं से संबंधित मामलों का नियमानुसार उचित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है।

मौके पर एईआरओ सह बीडीओ/सीओ, अतिरिक्त एईआरओ सह क्षेत्रीय उप निदेशक मनोज कुमार समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

प्रस्तावित लाइब्रेरी का भी लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने चंदनकियारी में प्रस्तावित लाइब्रेरी के प्रगति कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने डीईओ और बीडीओ से कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने को कहा।