पीएम श्री उच्च विद्यालय सेमरी में एमडीएम की जांच, मिलावटी तेल और मसालों की आशंका पर सैंपल जब्त
गढ़वा: बरडीहा प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह द्वारा मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता जांच के लिए चलाए जा रहे औचक निरीक्षण अभियान के दौरान पीएम श्री उच्च विद्यालय, सेमरी में कथित रूप से मिलावटी खाद्य सामग्री मिलने की आशंका से हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान एमडीएम में उपयोग किए जा रहे सरसों तेल और मसालों की गुणवत्ता पर संदेह जताते हुए उनके नमूने जब्त कर जांच के लिए भेजे गए हैं। सरसों तेल में दुर्गंध मिलने पर कार्रवाई निरीक्षण के दौरान बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने एमडीएम के लिए रखे गए सरसों तेल की जांच की। उन्होंने बताया कि तेल से जले हुए मोबिल जैसी तीव्र दुर्गंध आ रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तेल का नमूना तत्काल जब्त कर खाद्य सुरक्षा विभाग (फूड इंस्पेक्टर) को सूचना दी गई। बीडीओ ने कहा कि बच्चों की सेहत के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि जांच में मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने भी खाद्य सामग्री की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने की बात कही। वहीं बीडीओ ने कहा कि इस तरह की सामग्री की आपूर्ति की पूरी श्रृंखला की जांच की जाएगी। अन्य विद्यालयों में भी हुई जांच निरीक्षण के क्रम में बीडीओ ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय आदर एवं प्राथमिक विद्यालय कुसुमियादामर का भी निरीक्षण किया। जब्त किए गए सभी सैंपलों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। एक दिन पहले ही दी थी चेतावनी बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि एक दिन पहले ही प्रखंड के सभी प्रधानाध्यापकों की बैठक में एमडीएम की गुणवत्ता को लेकर सख्त निर्देश दिए गए थे। उन्होंने सभी विद्यालयों को स्वयं खाद्य सामग्री की नियमित जांच करने और बच्चों को केवल गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने को कहा था। उन्होंने दोहराया कि बच्चों की थाली में शुद्ध और पौष्टिक भोजन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण अभियान के बाद प्रखंड के विद्यालयों और एमडीएम आपूर्तिकर्ताओं के बीच सतर्कता बढ़ गई है।














