ग्रेटर नोएडा में 6 साल के मासूम की गड्ढे में डूबने से मौत, पिता ने CM योगी से लगाई इंसाफ की गुहार
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक दर्दनाक हादसे में 6 वर्षीय मासूम अव्यान की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, बच्चा घर के पास खेल रहा था, तभी वह पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिर गया। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा है। पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के दौरान हंगामा रविवार को पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के समय परिजनों और पुलिस के बीच विवाद हो गया। मृतक के पिता शिवान ने आरोप लगाया कि उनकी अनुमति के बिना पुलिस शव को श्मशान घाट ले गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। 'योगी जी, मुझे सिर्फ इंसाफ चाहिए' एबीपी न्यूज़ से बातचीत में पिता शिवान भावुक हो गए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की मांग करते हुए कहा कि उनका बेटा केवल खेल रहा था। उन्होंने कहा, "10
बाय 10 फीट का पानी से भरा गड्ढा था और चारों ओर दलदल थी। मेरा बेटा कैसे बचता? मुझे सिर्फ इंसाफ चाहिए।" प्राधिकरण ने मानी लापरवाही ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार ने मामले में लापरवाही स्वीकार करते हुए कहा कि गलत स्थान पर गड्ढा खोदा गया था, जिसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं थी। वहीं, नोएडा सदर एसडीएम अशुतोष गुप्ता ने बताया कि मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा ग्रेटर नोएडा में यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी एक युवक की पानी से भरे गड्ढे में गिरने से मौत हो चुकी है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने विकास कार्यों में सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों का कहना है कि यदि निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा के उचित इंतजाम किए गए होते, तो यह हादसा टाला जा सकता था। अब परिवार प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहा है।














