कोडरमा की न्यू कॉलोनी में चोरों का आतंक, एक ही रात पांच घरों को बनाया निशाना
कोडरमा: जिले के न्यू कॉलोनी इलाके में रविवार रात अज्ञात चोरों ने एक ही रात में पांच घरों को निशाना बनाकर इलाके में दहशत फैला दी। चोरों ने सुनील कुमार यादव, शंकर महतो, सचिन कुमार, उनके एक किरायेदार तथा शिवनंदन प्रसाद के घर में चोरी अथवा चोरी का प्रयास किया। इनमें दो घरों में चोरी की वारदात सफल रही, जबकि तीन घरों में केवल चोरी का प्रयास किया गया। एएनएम के घर से लाखों के जेवरात चोरी सबसे बड़ी चोरी की घटना शिवनंदन प्रसाद के घर में हुई। पीड़ित परिवार के अनुसार उनकी पत्नी उर्मिला सिन्हा, जो एएनएम के पद पर कार्यरत हैं, के एक लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए। घटना के समय पूरा परिवार घर से बाहर गया हुआ था। लौटने पर घर के मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी सहित अन्य सामानों की तलाशी ली गई थी। इसके बाद परिजनों ने तत्काल कोडरमा थाना पुलिस को सूचना दी। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस सूचना मिलते ही एसडीपीओ प्रमोद कुमार केशरी और थाना प्रभारी अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। इलाके में दहशत, रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग एक ही रात में कई घरों को निशाना बनाए जाने से न्यू कॉलोनी के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान का प्रयास जारी है तथा जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।














