साहेबगंज : पहाड़ की तराई और गंगा तट पर बसे साहेबगंज को हरा-भरा बनाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गंगा मिशन कोलकाता की ओर से पौधरोपण और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत स्कूली बच्चों और शहरवासियों को पौधरोपण के साथ-साथ पेड़-पौधों के संरक्षण के लिए जागरूक किया जा रहा है।गंगा मिशन कोलकाता के अध्यक्ष प्रयाग राय गोयनका की पहल से इस वर्ष साहेबगंज के लिए करीब 3 हजार फलदार पौधे भेजे गए हैं। संस्था के अनुसार, इस वर्ष अब तक 2500 से अधिक और पिछले तीन वर्षों में करीब 10 हजार फलदार पौधों का वितरण एवं पौधरोपण किया जा चुका है।इसी अभियान के तहत सोमवार को शहर स्थित केंद्रीय विद्यालय में पौधा वितरण सह पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान करीब 500 छात्र-छात्राओं के बीच आम, कटहल, नारियल और आंवला जैसे फलदार पौधे वितरित किए गए।विद्यालय परिसर में पौधरोपण के दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को पेड़-पौधों की सुरक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। बच्चों से अपने घर और आसपास पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने की भी अपील की गई।विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकों ने गंगा मिशन कोलकाता के अभियान की सराहना की। शिक्षकों ने कहा कि बच्चों को पौधे उपलब्ध कराने से उनमें पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।

गंगा तट और राजमहल की पहाड़ियों को हरा-भरा बनाने का लक्ष्य

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार, समाजसेवी और गंगा मिशन कोलकाता के स्थानीय संरक्षक सुरेश निर्मल ने कहा कि संस्थापक प्रह्लाद राय गोयनका के सहयोग से साहेबगंज में लगातार पौधरोपण और पौधा वितरण का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष साहेबगंज के लिए 3 हजार पौधे भेजे गए हैं।उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य गंगा तट और राजमहल की पहाड़ियों की तराई में बसे साहेबगंज को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाए रखना है। इसी उद्देश्य से स्कूली बच्चों और शहरवासियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संतुलन में पेड़-पौधों की भूमिका के बारे में लोगों को जानकारी दी गई। बदलते पर्यावरणीय परिवेश में स्वच्छ हवा और बेहतर वातावरण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। साथ ही एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत भी लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में गणेश तिवारी, प्रमोद पांडेय, राजीव चौधरी, चंपक दत्ता सहित अन्य गणमान्य लोग और केंद्रीय विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण को जरूरी बताया।राजमहल की पहाड़ियों में लगातार कम होती हरियाली के बीच इस तरह के पौधरोपण और संरक्षण अभियान को पर्यावरण के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया जा रहा है।