श्री बंशीधर नगर : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को ऐतिहासिक श्री बंशीधर मंदिर पहुंचकर भगवान श्री बंशीधर जी की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने झारखंड की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।मंदिर में पंडित रामसकल मिश्र के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राज्यपाल ने पूजा-अर्चना की और भगवान श्री बंशीधर जी की आरती उतारी। पूजा के दौरान भगवान की मनमोहक प्रतिमा के दर्शन कर राज्यपाल काफी अभिभूत नजर आए। उन्होंने कहा कि बाबा बंशीधर जी का दर्शन और पूजन कर वे स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं।पूजा-अर्चना के बाद विधायक अनंत प्रताप देव एवं श्री बंशीधर सूर्य मंदिर के प्रधान ट्रस्टी राजेश प्रताप देव ने राज्यपाल को चुनरी भेंट कर मंदिर में स्वागत किया। इससे पहले श्री बंशीधर धाम पहुंचने पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बुके भेंट कर राज्यपाल का अभिनंदन किया।

सुरक्षा के रहे व्यापक इंतजाम

राज्यपाल के आगमन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।इस अवसर पर उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा, एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, बीडीओ रोशन कुमार, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजकमल, नगर पंचायत अध्यक्ष साधना देवी और उपाध्यक्ष संध्या देवी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।