रामगढ़ के सिद्धू-कान्हू स्टेडियम में शान से लहराया तिरंगा, मंत्री दीपिका पांडेय ने ली परेड की सलामी
रामगढ़: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रामगढ़ के सिद्धू-कान्हू स्टेडियम में जिला पुलिस-प्रशासन की ओर से भव्य समारोह आयोजित किया गया। समारोह में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय शामिल हुईं और राष्ट्रीय ध्वज फहराकर वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। समारोह में पहुंचने पर रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बुके देकर मंत्री दीपिका पांडेय का स्वागत किया। इसके बाद मंत्री ने ध्वजारोहण किया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी। ध्वजारोहण के बाद पुलिस जवानों, गृहरक्षकों और स्कूली बच्चों ने अनुशासित एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत परेड प्रस्तुत की। मंत्री दीपिका पांडेय ने परेड का निरीक्षण किया और जवानों की सलामी ली। परेड के दौरान जवानों और स्कूली बच्चों का उत्साह देखते ही बना। पूरे स्टेडियम में राष्ट्रभक्ति का माहौल बना रहा। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, झारखंड आंदोलनकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, चिकित्सकों, पुलिसकर्मियों और अन्य उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया। मंत्री दीपिका पांडेय ने कहा कि देश की आजादी अनगिनत बलिदानों की विरासत है। इस विरासत को हमें सम्मान और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाना है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।देशभक्ति से ओत-प्रोत रही परेड
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए किया गया सम्मान














