चतरा में 1050 किलो अवैध डोडा बरामद, 85 बोरियों में भरकर पंजाब ले जाई जा रही थी खेप, एक तस्कर गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार बरामद डोडा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। चतरा के एसपी अनिमेष नैथानी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रक के जरिए भारी मात्रा में अफीम और डोडा की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर तत्काल विशेष टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एसपी के निर्देश पर सिमरिया एसडीपीओ नागर गोजे शुभभ भाऊ साहेब के नेतृत्व में छापेमारी टीम बनाई गई। टीम में लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, पुअनि विधायक प्रसाद यादव और वर्षा किस्कु शामिल थे। टीम ने चतरा-बगरा मुख्य मार्ग पर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान लमटा के पास संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में छिपाकर रखी गई 85 बोरियों से कुल 1050 किलो डोडा बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि डोडा की यह खेप रांची के बुंडू इलाके से पंजाब ले जाई जा रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ कहां से जुटाया गया और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंजाब के संगरोला जिले के मंगवाल गांव निवासी सतपाल सिंह के पुत्र दीपक सिंह के रूप में हुई है। वहीं, उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इतनी बड़ी मात्रा में डोडा बरामद होने के बाद पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के जरिए डोडा की खरीद, परिवहन और पंजाब में इसकी आपूर्ति से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।चतरा: चतरा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1050 किलो अवैध डोडा बरामद किया है। डोडा को 85 बोरियों में भरकर एक ट्रक के जरिए रांची के बुंडू से पंजाब ले जाया जा रहा था। पुलिस ने चतरा-बगरा मुख्य मार्ग पर लमटा के पास ट्रक को रोककर तलाशी ली, जिसके बाद यह बड़ी खेप बरामद हुई।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
बुंडू से पंजाब ले जाई जा रही थी खेप
पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस














