रामगढ़। जिले के कुजू ओपी क्षेत्र अंतर्गत NH-33 फोरलेन पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक कंटेनर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, पैकी निवासी अरुण औहदार अपनी 12 वर्षीय बेटी के साथ बाइक से रामगढ़ की ओर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान NH-33 फोरलेन पर पीछे से आ रहे कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उसके पिता अरुण औहदार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पिता को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बच्ची की मौत से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने कंटेनर चालक को पकड़ लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। आक्रोशित लोगों ने चालक को एक पोल से बांध दिया। सूचना मिलने पर कुजू पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई।

इधर, बच्ची की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने NH-33 फोरलेन को जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थिति ऐसी हो गई कि ग्रामीणों ने झारखंड सरकार के एक मंत्री के काफिले को भी आगे बढ़ने नहीं दिया, जिसके बाद काफिले को वापस लौटना पड़ा।

हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है। एक ओर परिवार बच्ची की असमय मौत से सदमे में है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा और कथित तौर पर नशे में वाहन चलाने के खिलाफ नाराजगी जताई।

फिलहाल NH-33 पर जाम की स्थिति बनी हुई है। जाम समाप्त होने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस और प्रशासन की ओर से हालात संभालने का प्रयास किया जा रहा है। चालक के नशे में होने की पुष्टि और हादसे के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।