बरहरवा स्टेशन पर बच्चों को ले जाने की कोशिश नाकाम, 7 नाबालिग रेस्क्यू; एक गिरफ्तार
साहिबगंज। साहिबगंज जिले के बरहरवा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तमिलनाडु ले जाए जा रहे सात नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया है। शुक्रवार रात गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में बच्चों को अपने साथ ले जा रहे 27 वर्षीय गुलाम रसूल को गिरफ्तार किया गया। RPF के अनुसार, बच्चों को तमिलनाडु के सलेम स्थित आम के बागान में काम कराने के लिए ले जाया जा रहा था। RPF इंस्पेक्टर बरहरवा संजीव कुमार के नेतृत्व में गठित छापामार दल ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित प्रतीक्षालय से सातों बच्चों को रेस्क्यू किया। इस टीम में कांस्टेबल सुजीत कुमार सिंह, कांस्टेबल सतीश कुमार, कांस्टेबल अनिल कुमार साह तथा मंथन संस्था, बरहरवा की प्रतिनिधि अराधना मंडल शामिल थीं। सलेम ले जाने की थी तैयारी मौके से गिरफ्तार गुलाम रसूल की पहचान 27 वर्षीय निवासी उत्तरी सरफराजगंज, फुदकीपुर, थाना राधानगर, जिला साहिबगंज के रूप में हुई है। RPF के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि वह सातों बच्चों को वनांचल एक्सप्रेस से बरहरवा से धनबाद और वहां से दूसरी ट्रेन के जरिए तमिलनाडु के सलेम ले जाने की तैयारी में था। बताया गया कि वहां बच्चों से आम के बागान की सफाई, आम के पेड़ों पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव और आम तोड़ने का काम कराया जाना था। प्रति बच्चे 15 हजार रुपये देने की बात RPF के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि प्रत्येक बच्चे के लिए करीब 15 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी। बच्चों से प्रतिदिन 8 से 10 घंटे काम कराने की योजना थी। इसके बदले उसे बागान मालिक से कमीशन मिलने की बात भी सामने आई है। रेस्क्यू किए गए सात बच्चों में एक की उम्र 13 वर्ष और शेष छह की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच बताई गई है। प्रस्तावित काम में कीटनाशक दवाओं के संपर्क और लंबे समय तक काम कराने से बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न होने की आशंका जताई गई है। GRP बरहरवा ने दर्ज किया मामला गिरफ्तार गुलाम रसूल को RPF इंस्पेक्टर संजीव कुमार की लिखित शिकायत के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए GRP बरहरवा को सौंप दिया गया। शिकायत के आधार पर GRP बरहरवा ने कांड संख्या 65/2026, दिनांक 28 नवंबर 2026 के तहत आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 143(5), 3(5) तथा किशोर न्याय अधिनियम (JJ Act) की धारा 75/81 के तहत मामला दर्ज किया है। रेस्क्यू किए गए बच्चों को आवश्यक संरक्षण, देखभाल और पुनर्वास उपलब्ध कराने के लिए संबंधित बाल कल्याण समिति अथवा सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की गई। RPF ने आम लोगों से की अपील RPF ने आम लोगों से अपील की है कि बच्चों को मजदूरी या शोषण के उद्देश्य से ले जाने जैसी कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल रेलवे सुरक्षा बल या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें। इस कार्रवाई में सात नाबालिग बच्चों को संभावित शोषण से बचाया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई GRP बरहरवा द्वारा की जा रही है।














