हजारीबाग। जिले के पदमा इलाके में कुछ दिनों के अंतराल पर दो महिंद्रा ट्रैक्टर चोरी होने के मामलों का पुलिस ने खुलासा किया है। लगातार हुई चोरी की घटनाओं की जांच के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर चोरी का एक ट्रैक्टर, वारदात में इस्तेमाल लाल रंग की होंडा सिटी कार और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह में चार अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है।

दो गांवों से चोरी हुए थे ट्रैक्टर

पुलिस के अनुसार, पहली घटना 8 अक्टूबर 2026 की रात सूरजपुरा मेन रोड, एनएच-20 के पास हुई थी। यहां से लाल रंग का महिंद्रा 275 ट्रैक्टर (JH-08F-2775) चोरी कर लिया गया था। दूसरी घटना 17 अक्टूबर की रात करर गांव में हुई, जहां घर के सामने खड़ा लाल रंग का महिंद्रा 275 ट्रैक्टर (JH-13G-0273) गायब हो गया था।

दोनों घटनाओं को लेकर वाहन मालिकों की शिकायत पर पदमा ओपी में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

विशेष टीम ने शुरू की छापेमारी

बरही एसडीपीओ और पुलिस निरीक्षक के मार्गदर्शन में पदमा ओपी प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक श्रवण कुमार के नेतृत्व में टीम ने जांच और छापेमारी शुरू की। टीम में पुलिस अवर निरीक्षक आशीष कुमार सिंह, राजेश कुमार हजरा और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।

एक आरोपी गिरफ्तार, चार अन्य की तलाश

पुलिस ने बरकनगोंगो गांव निवासी 57 वर्षीय मनी लाल महतो को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर करर गांव से चोरी किया गया महिंद्रा 275 ट्रैक्टर (JH-13G-0273) बरामद किया गया।

इसके अलावा पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई लाल रंग की होंडा सिटी कार (JH-05Z-5935) और इटेल कंपनी का एक कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह में चार अन्य आरोपी भी शामिल हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। वहीं, सूरजपुरा से चोरी हुए दूसरे ट्रैक्टर (JH-08F-2775) की बरामदगी अभी बाकी है।

गिरफ्तार आरोपी को कांड संख्या 377/26 के तहत न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई है। फिलहाल पुलिस बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी और दूसरे ट्रैक्टर की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही है।