पोटका: दुर्गापूजा के त्योहार को देखते हुए आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त के निर्देश पर शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग, पूर्वी सिंहभूम की टीम ने पोटका प्रखंड के हाता स्थित होटल, मिठाई दुकानों और एक मॉल में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की।

जांच अभियान के दौरान टीम ने श्री गणेश मिष्ठान भंडार, न्यू कृष्णा स्वीट्स और पाल होटल सहित अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुकानों में उपलब्ध खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, निर्माण तिथि, एक्सपायरी तिथि और खाद्य सुरक्षा अनुज्ञप्ति की बारीकी से जांच की।

एक्सपायरी खाद्य सामग्री नहीं बेचने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को सरकार द्वारा निर्धारित खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एक्सपायरी तिथि के बाद खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं की जानी चाहिए। साथ ही, सभी प्रतिष्ठानों में आवश्यक खाद्य सुरक्षा अनुज्ञप्ति रखना अनिवार्य है।

टीम ने मिठाइयों में केवल खाद्य उपयोग के लिए स्वीकृत रंगों का इस्तेमाल करने, दुकानों और रसोई में साफ-सफाई बनाए रखने तथा शुद्ध पेयजल का उपयोग सुनिश्चित करने की हिदायत भी दी।

त्योहार में मिलावट रोकने के लिए अभियान

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, दुर्गापूजा से पहले यह अभियान इसलिए चलाया जा रहा है, ताकि त्योहार के दौरान बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके और लोगों को मिलावटी या असुरक्षित खाद्य सामग्री के सेवन से बचाया जा सके।

त्योहार के समय मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना और दुकानों में स्वच्छता बनाए रखना महत्वपूर्ण है।

जांच टीम में शामिल रहे अधिकारी

इस अभियान में फूड इंस्पेक्टर मुन्ना कुमार, अविनाश किस्कू और राजहंस कुमार शामिल थे। टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

विभाग ने त्योहार के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत पर जोर दिया है।