पोटका: पोटका स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन की जर्जर स्थिति को लेकर भाजपा ने सवाल उठाते हुए तत्काल जांच की मांग की है। भाजपा पोटका मंडल अध्यक्ष सनत सी के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भवन की दीवारों में दरार और दीवार व छत से पानी के सीपेज समेत कई खामियां सामने आने का दावा किया गया।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण में गुणवत्ता से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं बरती गई हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि भवन की मौजूदा स्थिति को देखते हुए यहां इलाजरत मरीजों के साथ चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

निर्माण कार्य की जांच की मांग

भाजपा पोटका मंडल प्रभारी मनोज कुमार सरदार ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य को लेकर पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक प्रशासनिक स्तर पर जांच नहीं हुई है। उन्होंने भवन की तत्काल जांच कराने, दोषी पाए जाने वाले संवेदक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और उसे ब्लैकलिस्ट करने की मांग की।

भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन करेगी।

सीएचसी के उद्घाटन में देरी पर भी सवाल

भाजपा नेताओं ने डुमरिया स्वास्थ्य केंद्र के उद्घाटन का हवाला देते हुए पोटका सीएचसी के उद्घाटन में हो रही देरी पर भी सवाल उठाया। पार्टी नेताओं ने भवन की स्थिति की जांच कराने के साथ स्वास्थ्य केंद्र को जल्द शुरू कराने की मांग की।

निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक मेनका सरदार, जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल, चंद्रशेखर गुप्ता, मुखिया देवी कुमारी भूमिज, सनत सी, गुलशन सरदार, पिंटू पुरान, बिना मुंडा, सुलता मंडल, प्रकाश सरदार, उत्पल बोस, मनोज सिंह, दुलाल मंडल समेत भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।