चाईबासा: गोइलकेरा के बड़ैला में झाड़-फूंक कर रहे पुजारी की चाकू से हत्या, आरोपी युवक फरार
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बड़ैला गांव में झाड़-फूंक कर रहे एक पुजारी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 42 वर्षीय गोरा अंगरिया के रूप में हुई है। आरोप है कि गांव के ही 24 वर्षीय पोंडे राम अंगरिया ने धारदार चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर गोइलकेरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। ग्रामीणों के अनुसार, पोंडे राम अंगरिया पिछले कुछ दिनों से कथित तौर पर असामान्य व्यवहार कर रहा था। इसके बाद उसके परिवार के लोग झाड़-फूंक के जरिए उसे ठीक कराने का प्रयास कर रहे थे। मंगलवार रात पुजारी गोरा अंगरिया और डाकुवा मुखी राम अंगरिया समेत गांव के कई लोग पोंडे राम के घर पर पूजा-पाठ के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। देर रात अधिकांश ग्रामीण अपने-अपने घर लौट गए। हालांकि, पुजारी गोरा अंगरिया और डाकुवा मुखी राम अंगरिया वहीं रुक गए और उसी कमरे में सो गए, जहां पोंडे राम भी मौजूद था। बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे पोंडे राम ने कथित तौर पर धारदार चाकू से सो रहे पुजारी गोरा अंगरिया की गर्दन पर हमला कर दिया। हमले में पुजारी की मौके पर ही मौत हो गई। डाकुवा मुखी राम अंगरिया के अनुसार, वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी मुंडा गोमा अंगरिया और गोइलकेरा पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस हत्या के आरोपी पोंडे राम अंगरिया की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस की जांच के बाद ही हत्या की पूरी वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।झाड़-फूंक के लिए जुटे थे ग्रामीण
तड़के चाकू से किया हमला
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस














