हेलमेट-सीट बेल्ट नहीं तो खतरे में जान, सड़क सुरक्षा पखवाड़े में अधिकारियों ने दी नसीहत
पलामू। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत गुरुवार को पलामू जिले के प्रमुख चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटक और जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके माध्यम से आम लोगों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया। अभियान के तहत छह मुहान चौक, बैरिया चौक, शाहपुर बस स्टैंड और बिस्फुटा चौक पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने और ट्रिपल राइडिंग करने वाले चालकों को फूलों की माला पहनाकर प्रतीकात्मक रूप से जागरूक किया गया। इस पहल के जरिए वाहन चालकों को संदेश दिया गया कि सड़क पर लापरवाही उनके जीवन के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। उनसे हेलमेट पहनकर वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा सेल के सदस्यों और पुलिस पदाधिकारियों ने वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की जानकारी दी। साथ ही यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं और उनके गंभीर परिणामों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है और अनमोल जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है। मौके पर सड़क सुरक्षा सेल के प्रबंधक विनीत कुमार और ट्रैफिक प्रभारी रुद्रानंद सरस ने वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग देने का आग्रह किया। अधिकारियों ने कहा कि जीवन अनमोल है और इसे सड़क पर लापरवाही के कारण खतरे में नहीं डालना चाहिए।हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल पर जोर
सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग की अपील














