जामताड़ा की बेटी नूपुर ने वुशु में लहराया परचम, राज्य स्तरीय लीग में जीता कांस्य
जामताड़ा। झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव स्थित ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 20 से 25 नवंबर तक आयोजित खेलो इंडिया राज्य स्तरीय अस्मिता वुशु लीग 2026 में जामताड़ा की बेटी नूपुर तिवारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। जामताड़ा जिला वुशु एसोसिएशन की खिलाड़ी और ज्ञान रेनू विद्या निकेतन की छात्रा नूपुर ने जूनियर बालिका अंडर-60 किलोग्राम भार वर्ग में यह उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। नूपुर की इस सफलता पर जामताड़ा जिला वुशु एसोसिएशन की ओर से सम्मान एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में ज्ञान रेनू विद्या निकेतन के निदेशक श्यामल मंडल, जामताड़ा जिला वुशु एसोसिएशन के निदेशक दीपक दुबे, हॉकी जामताड़ा के सचिव डॉ. भास्कर चांद, सूरज कुमार पासवान, मयंक पांडे, नूपुर के कोच शांतनु सेन और उनकी माता रूपा तिवारी उपस्थित रहीं। सभी ने नूपुर को अंगवस्त्र, फूलमाला और उपहार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर विद्यालय के निदेशक श्यामल मंडल ने कहा कि नूपुर की उपलब्धि केवल विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे जामताड़ा जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने इस सफलता के लिए नूपुर के माता-पिता और कोच को बधाई दी तथा उनके सहयोग और मार्गदर्शन की सराहना की। साथ ही जिला वुशु एसोसिएशन के प्रयासों की भी प्रशंसा की। वहीं, एसोसिएशन के निदेशक दीपक दुबे ने कहा कि भारत सरकार और खेल मंत्रालय की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को उचित मंच देने के उद्देश्य से खेलो इंडिया के तहत अस्मिता लीग का आयोजन किया जा रहा है। इससे विशेष रूप से बालिकाओं को जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नूपुर की सफलता से प्रेरित होकर जामताड़ा की अन्य बेटियां भी खेल के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेंगी।विद्यालय और जिले के लिए गौरव की बात
खेलो इंडिया से बेटियों को मिल रहा मंच














