एसपी कार्यालय से थानों तक गूंजा संविधान का संदेश, पुलिसकर्मियों ने ली शपथ
पाकुड़। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को पाकुड़ जिले में एसपी कार्यालय सहित सभी थाना और ओपी परिसर में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान थाना प्रभारियों ने पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना के अनुरूप शपथ दिलाई। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने संविधान के प्रति निष्ठा रखने, उसके मूल आदर्शों और सिद्धांतों का पालन करने तथा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को अपने जीवन और कार्यशैली में अपनाने की शपथ ली। इस अवसर पर एसपी अनुदीप सिंह और विभिन्न थाना प्रभारियों ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है। प्रत्येक नागरिक और सरकारी कर्मी का दायित्व है कि वह संविधान के मूल्यों एवं आदर्शों का सम्मान करे। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कानून के दायरे में रहकर निष्पक्षता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की बात कही। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिसकर्मियों को संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने और संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप कार्य करने का संदेश दिया गया।














