पाकुड़: जिले के रानी ज्योति मय स्टेडियम में खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 13.41 लाख रुपये की लागत से शौचालय निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। मंगलवार को स्थानीय विधायक निशात आलम ने फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
इस अवसर पर विधायक निशात आलम ने कहा कि स्टेडियम में विभिन्न खेल गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित होती हैं, लेकिन अब तक पर्याप्त शौचालय सुविधा उपलब्ध नहीं थी। विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों और दिव्यांग खिलाड़ियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि शौचालय निर्माण पूरा होने के बाद खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
महिला खिलाड़ियों को मिलेगी राहत
जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए आधारभूत सुविधाओं का विकास बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि आधुनिक शौचालय बनने से खिलाड़ियों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण मिलेगा, जिससे खेलों के विकास को भी गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और यह निर्माण कार्य उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
शिलान्यास कार्यक्रम में कांग्रेस के कई कार्यकर्ता, स्कूटीभ इंजीनियर सुभाष सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।














