जामताड़ा: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित जनता दरबार में जिलेभर से पहुंचे आमजनों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान करीब 30 लोगों ने विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई कर अधिकतर मामलों का एक सप्ताह के भीतर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन भी किया गया।

भूमि विवाद से लेकर पेंशन तक कई मामले पहुंचे

जनता दरबार में मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना, भूमि विवाद, आपसी बंटवारा, रास्ता अवरुद्ध होने, जमीन अतिक्रमण, भू-अर्जन मुआवजा, जन्म एवं जाति प्रमाण पत्र, वृद्धा पेंशन, राशन कार्ड से नाम हटने, अत्यधिक बिजली बिल, आवास सूची से नाम हटाने तथा मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना सहित कई मामलों पर सुनवाई हुई। मनरेगा योजना के तहत निर्मित कुएं की सामग्री मद की राशि भुगतान नहीं होने की शिकायत भी उपायुक्त के समक्ष रखी गई।

नेपाली महिला को नागरिकता प्रक्रिया की दी जानकारी

जनता दरबार में एक नेपाली महिला ने एसआईआर प्रक्रिया से जुड़ी समस्या रखी। महिला ने बताया कि उसकी शादी 11 वर्ष पूर्व जामताड़ा में हुई थी और वह लंबे समय से यहीं रह रही है। उपायुक्त ने भारत-नेपाल मैत्री संधि से संबंधित प्रावधानों की जानकारी देते हुए भारतीय नागरिकता के लिए नियमानुसार सिटीजनशिप पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने की सलाह दी। साथ ही एसआईआर से जुड़ी अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की।

मईया सम्मान योजना और जन्म प्रमाण पत्र पर दिए निर्देश

मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना से जुड़े कई मामलों की मौके पर जांच कर समाधान कराया गया। नए आवेदनों के संबंध में बताया गया कि फिलहाल विभागीय स्तर पर पोर्टल बंद है, जिसे खुलने के बाद आमजनों को सूचित किया जाएगा।

जन्म प्रमाण पत्र नहीं मिलने की शिकायत पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारी को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

अनावश्यक चक्कर न लगवाने के निर्देश

उपायुक्त आलोक कुमार ने अधिकारियों से कहा कि आमजनों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। जिन मामलों का समाधान नियमानुसार संभव है, उनका समय पर निष्पादन कर प्रशासन की जवाबदेही और संवेदनशीलता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जिसमें आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे उपायुक्त के समक्ष रख सकते हैं।