बोकारो: चंदनकियारी प्रखंड कार्यालय परिसर में झारखंड सरकार के कल्याण विभाग द्वारा संचालित 'उन्नति का पहिया' योजना के तहत छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक उमाकांत रजक शामिल हुए और लाभार्थी विद्यार्थियों को साइकिलें प्रदान कीं।
इस अवसर पर विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना, विद्यालय तक उनकी सहज पहुंच सुनिश्चित करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि "शिक्षा ही विकास का सबसे सशक्त माध्यम है और सरकार की ऐसी जनकल्याणकारी योजनाएं बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।"
उन्होंने कहा कि चंदनकियारी के समग्र विकास के लिए वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और सभी विभागों के माध्यम से विकास कार्य लगातार किए जा रहे हैं।
2413 विद्यार्थियों को मिलेगा योजना का लाभ
प्रखंड में इस वर्ष कक्षा आठ में अध्ययनरत 2413 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों की विद्यालय तक पहुंच आसान बनाना और ड्रॉपआउट दर में कमी लाना है।
विद्यालय की चहारदीवारी की उठी मांग
कार्यक्रम के दौरान यूएमएस नीचे बाजार चंदनकियारी के प्रधानाध्यापक दीपक कुमार एवं माणिक लाल कालिंदी ने विद्यालय की चहारदीवारी निर्माण की मांग रखी। विधायक उमाकांत रजक ने इस मांग पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर प्रमुख निवारण सिंह चौधरी, बीडीओ अजय कुमार वर्मा, सीओ रवि कुमार आनंद, सांसद प्रतिनिधि विनोद गोराई सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।














