बोकारो: चंदनकियारी प्रखंड में किसानों से खाद और बीज की अधिक कीमत वसूले जाने की शिकायतों के बीच कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला कृषि पदाधिकारी मोहम्मद शाहिद ने मंगलवार को प्रखंड के पांच बीज भंडारों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान बिक्री पंजी, स्टॉक पंजी और दर सूची (रेट लिस्ट) का संधारण नहीं मिलने पर सभी संबंधित दुकानदारों को शो कॉज नोटिस जारी किया गया है।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि किसी भी बीज भंडार में स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रजिस्टर और दर सूची अद्यतन नहीं थी। साथ ही दुकानों के बाहर निर्धारित मूल्य सूची भी प्रदर्शित नहीं की गई थी। जिला कृषि पदाधिकारी ने इसे नियमों का उल्लंघन बताते हुए सभी संचालकों से स्पष्टीकरण मांगा है।
किसानों ने अधिक कीमत वसूली की शिकायत की
जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि किसानों से खाद अधिक कीमत पर बेचने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूरिया की निर्धारित कीमत ₹266.50 प्रति बोरी तथा डीएपी की कीमत ₹1,350 प्रति 50 किलोग्राम बोरी है। यदि कोई दुकानदार इससे अधिक कीमत वसूलता है तो किसान इसकी सूचना तत्काल कृषि विभाग को दें।
इन बीज भंडारों को जारी हुआ नोटिस
जांच के बाद जिन दुकानों को शो कॉज नोटिस जारी किया गया, उनमें शामिल हैं—
कृषि बीज भंडार, रामडीह मोड़
गोवर्धन बीज भंडार, चंदनकियारी
एमसी बीज भंडार, पुरुलिया रोड
प्रिय बीज भंडार, गलगलटांड़
अजय बीज भंडार, माचाटांड़
रामनाथ बीज भंडार, माचाटांड़
एमआरपी से अधिक कीमत वसूली का आरोप
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कुछ दुकानों में यूरिया और डीएपी निर्धारित कीमत से अधिक दर पर बेचे जाने की शिकायतें सामने आई हैं। किसानों का आरोप है कि कई बार विरोध के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
प्रखंड में कृषि व्यवस्था पर भी उठे सवाल
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि प्रखंड कृषि पदाधिकारी का प्रभार एक जनसेवक के पास होने के कारण किसानों की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है। किसानों ने कृषि विभाग से नियमित निरीक्षण और दोषी दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।














