धनबाद उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण का विरोध, उत्कल समाज ने स्थान बदलने की मांग की
धनबाद : निरसा चिरकुंडा नगर परिषद के वार्ड संख्या 14 स्थित बगानधौड़ा में प्रस्तावित उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों और उत्कल समाज का विरोध तेज हो गया है। कल्याण विभाग की ओर से जगन्नाथ मंदिर के समीप स्थित मैदान में उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण की प्रक्रिया शुरू किए जाने के बाद लोगों ने आपत्ति जताई है।मंगलवार को उत्कल समाज के दर्जनों महिला और पुरुष भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक मंडल के मुगमा कार्यालय पहुंचे। वहां लोगों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांग रखी और निर्माण स्थल को बदलने की मांग की।उत्कल समाज के लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण प्रस्तावित है, वहां प्रभु जगन्नाथ स्वामी की मौसीबाड़ी स्थित है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह स्थान लंबे समय से धार्मिक आस्था का केंद्र रहा है और बच्चों के खेलकूद के लिए भी महत्वपूर्ण मैदान है। लोगों का आरोप है कि ग्रामीण क्षेत्र की योजना को शहरी क्षेत्र में लागू किया जा रहा है, जिसका वे विरोध कर रहे हैं।भाजपा नेता अशोक मंडल ने उत्कल समाज के लोगों की बात सुनने के बाद कहा कि समाज के लोग पिछले कई दशकों से इस स्थान पर धार्मिक गतिविधियों और पूजा-अर्चना से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय लोग निर्माण स्थल का विरोध कर रहे हैं, तो संबंधित विभाग को उनकी भावनाओं को ध्यान में रखते हुए योजना के लिए वैकल्पिक स्थान तलाशना चाहिए।वहीं, उन्होंने वर्तमान विधायक और सरकार पर भी निशाना साधते हुए निर्माण योजना को लेकर सवाल उठाए और कहा कि मामले में स्थानीय लोगों की राय को महत्व दिया जाना चाहिए।वार्ड संख्या 14 के पार्षद संजय जगदल्ला ने बताया कि सोमवार को अधिकारी स्थल की मार्किंग करने पहुंचे थे। उनके अनुसार स्थानीय लोगों के विरोध के बावजूद कई घंटों बाद मार्किंग की प्रक्रिया पूरी की गई। पार्षद ने कहा कि यह स्थान क्षेत्रवासियों की आस्था से जुड़ा हुआ है और इसे खेल मैदान के रूप में भी उपयोग किया जाता है।पार्षद संजय जगदल्ला ने स्पष्ट कहा कि लोगों को स्वास्थ्य केंद्र की आवश्यकता पर आपत्ति नहीं है, लेकिन प्रस्तावित स्थान को लेकर विरोध है। उन्होंने मांग की कि उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किसी दूसरे उपयुक्त स्थान पर कराया जाए। मांग नहीं माने जाने पर उत्कल समाज और स्थानीय लोगों की ओर से आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है।फिलहाल उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन और संबंधित विभाग स्थानीय लोगों की मांग पर क्या निर्णय लेते हैं और निर्माण स्थल को लेकर कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जाती है या नहीं














