मधुपुर के लोगों के लिए राहत, अब ऑनलाइन भी जमा कर सकेंगे होल्डिंग टैक्स और लाइसेंस शुल्क
मधुपुर: देवघर जिले के मधुपुर नगर परिषद में राजस्व संग्रह बढ़ाने और निर्धारित लक्ष्य पूरा करने को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कार्यपालक पदाधिकारी सुरेंद्र किस्कू की अध्यक्षता में हुई बैठक में होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस शुल्क और स्टोर रेंट की वसूली की प्रगति पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने 16वें वित्त आयोग के निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए बकाया राशि की वसूली में तेजी लाने पर जोर दिया। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी सुरेंद्र किस्कू ने बताया कि पहले राजस्व वसूली का काम एजेंसी के माध्यम से कराया जाता था। अब इसकी जिम्मेदारी नगर परिषद के विभागीय कर्मियों को सौंप दी गई है। इसके लिए संबंधित कर्मियों को जरूरी आईडी और पासवर्ड भी उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कर्मियों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप काम करें और बकाया राशि की वसूली में तेजी लाएं, ताकि नगर परिषद की आय में सुधार हो सके। कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए राजस्व संग्रह महत्वपूर्ण है। निर्धारित शुल्क की समय पर वसूली होने से नगर परिषद की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी और योजनाओं के क्रियान्वयन में मदद मिलेगी। नगर परिषद की ओर से उपभोक्ताओं को ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से लोग होल्डिंग टैक्स, स्टॉल टैक्स और ट्रेड लाइसेंस शुल्क जमा कर सकते हैं। इससे कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी और भुगतान की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक बन सकेगी।अब विभागीय कर्मियों के जिम्मे राजस्व वसूली
विकास कार्यों के लिए राजस्व संग्रह जरूरी
ऑनलाइन भी जमा कर सकते हैं टैक्स















