भुरकुंडा में बाइक चोरी का खुलासा, चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो युवक गिरफ्तार
रामगढ़: जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा के दौरान चोरी हुई एक मोटरसाइकिल पुलिस ने बरामद कर ली है। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बाइक की बरामदगी नीचे धौड़ा स्थित एक घर से हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार, भुरकुंडा के नीचे धौड़ा निवासी शंकर कुमार की मोटरसाइकिल दुर्गा पूजा की नवमी के दिन सौंदा डी इलाके से चोरी हो गई थी। बाइक गायब होने के बाद शंकर कुमार ने भुरकुंडा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद भुरकुंडा थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की और चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली। मामले में दो युवकों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, चोरी हुई बाइक शिकायतकर्ता शंकर कुमार के पड़ोसी हीरा राम के घर से बरामद की गई। हालांकि, बाइक वहां किन परिस्थितियों में रखी गई थी और चोरी की घटना में गिरफ्तार युवकों की क्या भूमिका थी, इसकी जानकारी पूछताछ और जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है। फिलहाल पुलिस दोनों गिरफ्तार युवकों से पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।सौंदा डी से चोरी हुई थी बाइक
गुप्त सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
पड़ोसी के घर से मिली मोटरसाइकिल
पुलिस कर रही पूछताछ















