घाघरा (गुमला): गुमला जिले के घाघरा प्रखंड मुख्यालय स्थित पाकरटोली में अज्ञात चोरों ने घर के सामने खड़े महिंद्रा ट्रैक्टर की बैटरी चोरी कर ली। घटना के बाद पीड़ित बबलू उरांव ने घाघरा थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

सुबह ट्रैक्टर स्टार्ट करने पहुंचा तो गायब मिली बैटरी

जानकारी के अनुसार, पाकरटोली निवासी बबलू उरांव मंगलवार शाम रोजाना की तरह अपने महिंद्रा ट्रैक्टर से काम करके लौटे थे। इसके बाद उन्होंने ट्रैक्टर को अपने घर के सामने खड़ा कर दिया। बुधवार सुबह जब वह ट्रैक्टर लेकर काम पर जाने के लिए पहुंचे और उसे स्टार्ट करने की कोशिश की, तो ट्रैक्टर स्टार्ट नहीं हुआ।

जांच करने पर उनकी नजर बैटरी के बॉक्स पर पड़ी। बॉक्स में बंधी चेन गायब थी और अंदर से बैटरी भी चोरी हो चुकी थी। इसके बाद बबलू उरांव ने घाघरा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से मामले में कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

लगातार चोरी की घटनाओं से लोगों में नाराजगी

स्थानीय लोगों के अनुसार, घाघरा प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगने और आरोपियों का सुराग नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी है।

क्षेत्र के लोगों ने चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल, ट्रैक्टर की बैटरी चोरी के इस मामले में पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।