जामताड़ा में TDS-TCS पर आउटरीच कार्यक्रम, उपायुक्त ने समय पर टैक्स कटौती और रिटर्न दाखिल करने का दिया निर्देश
जामताड़ा। समाहरणालय स्थित
एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में बुधवार को आयकर विभाग, आईटीओ वार्ड टीडीएस, देवघर की ओर से टीडीएस-टीसीएस आउटरीच
कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी
आलोक कुमार, एडिशनल
इनकम टैक्स कमिश्नर नर सिंह कुमार खलखो और परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज ने
संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसमें जिले के विभिन्न सरकारी विभागों के
निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों (डीडीओ) और संबंधित कर्मियों ने भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित
करते हुए उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि नए आयकर प्रावधानों की स्पष्ट जानकारी
रखना और उनका समय पर अनुपालन करना सुशासन एवं वित्तीय अनुशासन के लिए महत्वपूर्ण
है। उन्होंने कहा कि आयकर कानून को सरल और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से 1
अप्रैल 2026 से नया आयकर अधिनियम, 2025 लागू किया गया है। ऐसे में सभी संबंधित
अधिकारियों को नए प्रावधानों और निर्धारित प्रक्रियाओं की जानकारी रखना आवश्यक है। उपायुक्त ने डीडीओ को
निर्देश दिया कि वेतन भुगतान, संविदाकारों
के बिल, परामर्श शुल्क,
किराया और अन्य भुगतानों के दौरान
नियमानुसार स्रोत पर कर कटौती (TDS) सुनिश्चित करें। साथ ही, काटी गई राशि को समय पर सरकारी खाते में
जमा करने और निर्धारित अवधि के भीतर सही तरीके से ऑनलाइन रिटर्न दाखिल करने पर
विशेष ध्यान दें। एडिशनल इनकम टैक्स
कमिश्नर नर सिंह कुमार खलखो ने टीडीएस-टीसीएस के संशोधित प्रावधानों, रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया,
विवरणी में सुधार, प्रमाणपत्र जारी करने तथा ई-फाइलिंग और ‘कर साथी’ प्लेटफॉर्म के उपयोग के बारे में जानकारी
दी। उन्होंने अधिकारियों
और कर्मियों से त्रैमासिक टीडीएस विवरणी निर्धारित समय पर और त्रुटिरहित तरीके से
जमा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रक्रियाओं का सही ढंग से पालन करने से कर
संबंधी त्रुटियों और अनावश्यक परेशानियों से बचा जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान
टीडीएस-टीसीएस से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की गई। इस
अवसर पर प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी शंकाएं रखीं और संबंधित
अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। मौके पर सहायक आयकर
आयुक्त सहजानंद, सिविल
सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, आयकर
अधिकारी राज कुमार, कोषागार
पदाधिकारी सुदामा कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का
उद्देश्य सरकारी विभागों में कर कटौती, राशि जमा करने और रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया को अधिक
व्यवस्थित बनाना तथा संबंधित अधिकारियों को आयकर प्रावधानों के प्रति जागरूक करना
रहा।नए आयकर प्रावधानों
के अनुपालन पर जोर
TDS-TCS के संशोधित
प्रावधानों की दी गई जानकारी
अधिकारियों ने रखीं
व्यावहारिक समस्याएं















