जमशेदपुर के गोलमुरी केबुल बस्ती में मकान में लगी आग, घरेलू सामान जलकर राख
जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र
के केबुल बस्ती में बुधवार को एक खपरैल मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच
गई। आग तेजी से फैलने के कारण घर में रखा घरेलू सामान निकालने का मौका तक नहीं
मिला और देखते ही देखते सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना में
किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार,
गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केबुल बस्ती
की लाइन नंबर तीन में बुधवार को एक खपरैल मकान में आग लग गई। आग की लपटें तेजी से
फैलने लगीं, जिससे
आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग
बुझाने का प्रयास किया और अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद
झारखंड अग्निशमन विभाग की एक बड़ी और दो छोटी दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल
कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और लपटों को आसपास के घरों तक
फैलने से रोका। इस अगलगी में मकान के
अंदर रखा घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार,
आग लगने की वजह गैस लीकेज होने की आशंका
जताई जा रही है। हालांकि, आग
लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसकी सही वजह जांच के
बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। स्थानीय लोगों के
मुताबिक, आग से प्रभावित मकान
शकुंतला देवी का है और उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। घर का
सामान जल जाने से परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की चुनौती
खड़ी हो गई है। घटना के बाद स्थानीय
लोगों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध
कराने की मांग की है। लोगों ने नुकसान का आकलन कर नियमानुसार राहत और मुआवजा देने
की भी अपील की है।दमकल की तीन गाड़ियों
ने पाया आग पर काबू
घरेलू सामान जलकर राख,
गैस लीकेज की आशंका
आर्थिक सहायता की
मांग














