धनबाद:  उपायुक्त आदित्य रंजन ने मंगलवार को गोविंदपुर प्रखंड का औचक निरीक्षण कर पंचायत स्तर पर संचालित विकास योजनाओं और सरकारी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। पंचायत भवन की साफ-सफाई और बेहतर रखरखाव से संतुष्ट डीसी ने इसकी सराहना की। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्र में तैयार पोषण वाटिका देखकर भी उन्होंने खुशी जताई। हालांकि, मनरेगा सहित कुछ विकास कार्यों में कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों को उन्हें जल्द दूर करने का निर्देश दिया।

पंचायत भवन की व्यवस्था से संतुष्ट हुए डीसी

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त गोविंदपुर पंचायत भवन पहुंचे। यहां साफ-सफाई और रखरखाव की बेहतर व्यवस्था देखकर उन्होंने संतोष जताया। डीसी ने पंचायत भवन को ISO सर्टिफिकेशन की सूची में शामिल करने की बात कही। साथ ही, प्रखंड की अन्य पंचायतों के मुखियाओं को भी इसी तरह व्यवस्था दुरुस्त रखने और सरकारी सुविधाओं को बेहतर बनाने का निर्देश दिया।

उन्होंने पंचायत भवन के मुख्य पटल पर सभी पंचायतों के मुखियाओं के नाम की सूची प्रदर्शित करने को भी कहा, ताकि लोगों को जरूरी जानकारी आसानी से मिल सके।

पोषण वाटिका देखकर खुश हुए उपायुक्त

औचक निरीक्षण के दौरान डीसी ने आंगनबाड़ी केंद्र का भी जायजा लिया। केंद्र में सेविका की ओर से तैयार पोषण वाटिका देखकर उन्होंने प्रसन्नता जाहिर की। यहां बच्चों को नियमित रूप से हरी सब्जियां उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति भी संतोषजनक पाई गई।

बच्चों के बीच पहुंचे, जमीन पर बैठकर पढ़ाया

निरीक्षण का एक खास दृश्य उस समय देखने को मिला, जब उपायुक्त बच्चों के बीच पहुंचे और उनके साथ समय बिताया। डीसी जमीन पर बैठकर बच्चों को पढ़ाते नजर आए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की पढ़ाई को सहज और प्रभावी बनाने के लिए मातृभाषा के अनुरूप शिक्षा देने पर जोर दिया।

मनरेगा की कमियां जल्द दूर करने का निर्देश

उपायुक्त ने पंचायतों में चल रहे मनरेगा सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। इस दौरान सामने आई कमियों को जल्द दूर करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने पंचायत स्तर पर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और व्यवस्था में सुधार पर जोर दिया।

डीसी ने कहा कि मानदेय मिलने के बाद पंचायतों की स्थिति में सुधार हो रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित कर्मियों को अपने दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन करना चाहिए, ताकि विकास योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंच सके।

अतिक्रमण पर नियमानुसार होगी कार्रवाई

अतिक्रमण से जुड़े मामलों पर उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रशासन जनहित को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई करेगा। निरीक्षण के दौरान डीडीसी सन्नी राज, एसएसपी प्रभात कुमार, गोविंदपुर के बीडीओ जहीर आलम और सीओ यशवंत कुमार सिन्हा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।