Ramgarh Crime: रोशन नगर हत्याकांड का खुलासा, महिला की हत्या के आरोप में जीजा-साली गिरफ्तार
कुजू: रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र स्थित रोशन नगर, रउता में जेबा परवीन की मौत के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलाम सरवर उर्फ राजन और नेहा परवीन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, महिला की मौत के पीछे कथित पारिवारिक विवाद और अवैध संबंधों से जुड़ा मामला सामने आया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर को जेबा परवीन का शव उनके घर से बरामद किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम की मदद ली गई, जबकि मेडिकल बोर्ड की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस का कहना है कि मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। इसी क्रम में गुलाम सरवर उर्फ राजन और नेहा परवीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के दावे के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, मृतका की बहन नेहा परवीन और गुलाम सरवर उर्फ राजन के बीच कथित अवैध संबंधों को लेकर परिवार में विवाद हुआ था। आरोप है कि 17 अक्टूबर की रात विवाद के दौरान जेबा परवीन के साथ मारपीट की गई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में महिला को दीवार पर पटकने की बात भी सामने आई है। हालांकि, मामले में आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया और जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगी। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस मामले की जांच और कार्रवाई में कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक अरविंद कुमार, सहायक अवर निरीक्षक राजेश कुमार, महिला पुलिस अवर निरीक्षक सुकमनी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।17 अक्टूबर को घर से मिला था महिला का शव
जांच में पारिवारिक विवाद की बात आई सामने
मारपीट के बाद महिला की मौत का आरोप
पुलिस टीम ने की कार्रवाई















