बोकारो चंदनकियारी प्रखंड मे विभिन्न पंचायतों में सर्पों की देवी मां मनसा की पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पूजा को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना हुआ है और विभिन्न पूजा समितियों की ओर से तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

चार दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत सोमवार को उपवास के साथ हुई। उपवास को लेकर श्रद्धालुओं ने नदी और तालाबों में स्नान कर विधि-विधान और नियम-निष्ठा के साथ मां मनसा की पूजा का संकल्प लिया।

मंगलवार को व्रती महिला और पुरुष पूरे दिन निर्जला उपवास रखकर मां मनसा की आराधना करेंगे। इसके बाद बुधवार को बारी पूजा का आयोजन किया जाएगा। बारी पूजा के बाद स्थानीय पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार बलि की रस्म भी निभाई जाएगी।

पूजा और बलि विधान संपन्न होने के बाद श्रद्धालु पारणा कर अपना व्रत खोलेंगे। अनुष्ठान के अंतिम चरण में मां मनसा की प्रतिमाओं को ढोल-ढाक और गाजे-बाजे के साथ स्थानीय तालाबों में विसर्जित किया जाएगा।

पूजा को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। विभिन्न पूजा समितियां प्रतिमा स्थापना, पूजा स्थल की सजावट और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। श्रद्धालु भी पूरे भक्तिभाव और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां मनसा की आराधना की तैयारी में लगे हुए हैं।