रांची: संघर्ष, मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर ही जीवन में सफलता हासिल की जा सकती है। बच्चों को अपने सपने बड़े रखने चाहिए और पूरे आत्मविश्वास के साथ उन्हें पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। यह बातें राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को लोकभवन में विद्यार्थियों से मुलाकात के दौरान कहीं।

राज्यपाल ने सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, मोरहाबादी के छात्रों और शिव नारायण मारवाड़ी कन्या मध्य विद्यालय की छात्राओं से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, लगातार मेहनत करने और जीवन में अपने लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।

राज्यपाल ने बच्चों के साथ अपने जीवन के संघर्षों को साझा करते हुए बताया कि वे भी एक सामान्य परिवार से आते हैं। जब वे मात्र एक वर्ष के थे, तभी उनके पिता का निधन हो गया था। उनकी मां ने कठिन परिस्थितियों में उनका पालन-पोषण किया और उन्हें शिक्षा दिलाई। उन्होंने कहा कि जीवन में कई मुश्किलें आती हैं, लेकिन मजबूत इरादों और मेहनत के बल पर हर चुनौती का सामना किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छे विद्यालय में पढ़ने का अवसर मिल रहा है, यह उनके लिए सौभाग्य की बात है। समाज के लोग भी शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई को गंभीरता से लेना चाहिए और जीवन में आगे बढ़ने का लक्ष्य तय करना चाहिए।

राज्यपाल ने बच्चों से कहा कि पढ़ाई के दौरान किसी विषय को लेकर मन में सवाल या संदेह हो, तो शिक्षकों और सहपाठियों से पूछने में संकोच नहीं करना चाहिए। सवाल पूछने और नई चीजें सीखने की जिज्ञासा से ही ज्ञान बढ़ता है। उन्होंने बच्चों से अच्छे नागरिक बनने और अपने सपनों को सीमित नहीं रखने की अपील की।

इस दौरान राज्यपाल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि सामान्य परिवार से आने वाला व्यक्ति भी अपनी मेहनत, प्रतिभा और मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर बड़ा मुकाम हासिल कर सकता है। इसलिए बच्चों को पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने बच्चों को लोकभवन के उद्यान में लगे कल्पतरु, रुद्राक्ष और सिंदूर सहित कई विशेष पौधों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद विद्यार्थियों ने लोकभवन के उद्यान का भ्रमण भी किया।