धनबाद: बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) में प्रशासनिक नीतियों और कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर आजसू छात्र संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को छात्र संघ के कार्यकर्ता विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए। आंदोलनकारियों ने पीएचडी प्रवेश परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी करने, आउटसोर्सिंग निविदा प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने और अपनी विभिन्न मांगों पर लिखित जवाब देने की मांग की है।

आजसू छात्र संघ के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विश्वविद्यालय में छात्रों के हितों की अनदेखी की जा रही है और कई मामलों में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। इसी के विरोध में संघ ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की है।

आजसू के प्रदेश महासचिव विशाल महतो ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में विभिन्न स्तरों पर वित्तीय गड़बड़ियां हो रही हैं। उन्होंने कहा कि पीएचडी प्रवेश परीक्षा का नोटिफिकेशन अब तक जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सीनेट की बैठक और दीक्षांत समारोह आयोजित करने को लेकर दिए गए आवेदनों पर भी विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अब तक लिखित जवाब नहीं दिया गया है।

आउटसोर्सिंग निविदा प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए छात्र संघ ने पूर्व में जारी टेंडर को तत्काल रद्द करने की मांग की है। संघ का कहना है कि झारखंड सरकार की निर्धारित न्यूनतम मजदूरी और संशोधित वीडीए की दरों के आधार पर नई निविदा आमंत्रित की जानी चाहिए।

इसके अलावा, आजसू छात्र संघ ने जेम (GeM) के प्रावधानों के अनुरूप पात्र एमएसएमई इकाइयों और श्रम सहकारी समितियों को टर्नओवर, कार्यानुभव और ईएमडी में नियमानुसार छूट देने की मांग भी उठाई है।

छात्र संघ ने स्पष्ट किया है कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन को सभी मांगों पर ठोस निर्णय लेकर लिखित जवाब देना होगा। संघ ने चेतावनी दी है कि जब तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगी।