जामताड़ा में प्रज्ञा केंद्रों पर रेट चार्ट अनिवार्य, खराब ट्रांसफार्मर 48 घंटे में होंगे दुरुस्त
जामताड़ा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में तकनीकी विभागों और जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी (DeGS) की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले में चल रही योजनाओं के साथ बिजली, पेयजल, सड़क, प्रज्ञा केंद्र और झारसेवा पोर्टल की स्थिति की समीक्षा की गई। तकनीकी विभागों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी लंबित योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि उचित कारण के बिना कार्यों की समय-सीमा बढ़ाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कार्यों में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों या एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिले की बिजली वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने खराब ट्रांसफार्मरों की मरम्मत 48 घंटे के भीतर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बिजली चोरी पर रोक लगाने के लिए नियमित छापेमारी करने और नियमों के अनुसार प्राथमिकी दर्ज कराने को भी कहा गया। वहीं, पेयजल से जुड़ी शिकायतों का जल्द समाधान करने और लंबित नलकूप संबंधी शिकायतों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी (DeGS) की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिले के सभी प्रज्ञा केंद्रों पर उपलब्ध सेवाओं और निर्धारित शुल्क का रेट चार्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। उन्होंने निष्क्रिय पड़े प्रज्ञा केंद्रों को दोबारा शुरू कराने को कहा। निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने की शिकायत मिलने पर संबंधित संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। बैठक में झारसेवा पोर्टल पर लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी लंबित आवेदनों का समयबद्ध तरीके से निष्पादन करने का निर्देश दिया। जाति, आय, आवासीय और ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्रों का आवश्यक सत्यापन पूरा करने के बाद जल्द निर्गत करने को कहा गया। बैठक में डीडीसी असीम किस्पोट्टा समेत तकनीकी विभागों और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।लंबित योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश
खराब ट्रांसफार्मर 48 घंटे में ठीक करने का निर्देश
प्रज्ञा केंद्रों पर शुल्क की जानकारी देना जरूरी
झारसेवा के लंबित आवेदनों का समय पर हो निष्पादन














